रायपुर

राजधानी वालो को गर्मी से मिल सकती है राहत, रायपुर में आज बारिश होने के आसार

रायपुर | छत्तीसगढ़ का मौसम बदला हुआ है | 5 जून को एक - दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है | वहीं राजधानी रायपुर में हल्के बादल छाए रहने और गरज- चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना भी जताई है |  अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है | मंगलवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की एवं मध्यम वर्षा  हुई है |

अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया | अन्य संभागों में भी मंगलवार को अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई | बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, पेंड्रारोड में 40 डिग्री सेल्सियस, अंबिकापुर में 39 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में 36.4 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग में 41.2 डिग्री सेल्सियस एवं राजनांदगांव में 41.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया | मुंगेली में सर्वाधिक तापमान 43.4 डिग्री और बेमेतरा में 43 डिग्री सेल्सियस रहा | 

मौसम विभाग के विशेषज्ञ संजय बैरागी के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तरप्रदेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है | प्रदेश में 5 जून को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है | प्रदेश में एक दो स्थानों में गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है | प्रदेश में अधिकतम तापमान में हल्की उतार-चढ़ाव की स्थिति बने रहने की संभावना है |