रायपुर

प्याज के बढ़ते दामों ने बढ़ाई टेंशन, जानें कब तक मिलेगी राहत

रायपुर।  महीनेभर पहले तक 10 से 15 रुपए किलो में बिकने वाले प्याज की कीमत बढ़कर 40 से 45 रुपए किलो पहुंच गया है। जिले में फिलहाल महाराष्ट्र से प्याज की आवक हो रही है। पिछले सीजन में देश में प्याज की कमी और कीमत बढ़ने की आशंका को देखते हुए सरकार ने प्याज के एक्सपोर्ट पर बैन लगा दिया था। पिछले महीने ही पांच पड़ोसी देशों के लिए यह बैन हटाया गया है। लिहाजा प्याज उत्पादक राज्यों से इन देशों में प्याज का निर्यात किया जा रहा है। इससे प्याज की मांग बढ़ गई है। 

प्रदेश का पूरा बाजार महाराष्ट्र के नासिक, लासलगांव, पिपलगांव, अहमद नगर और जलगांव के अलावा मध्यप्रदेश के खंडवा की मंडी पर निर्भर रहता है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के सभी मंडियों में प्याज की जबरदस्त मांग है। इससे प्याज की कीमत मंडियों में ही बढ़ गई है। लिहाजा लोकल व्यापारियों को महाराष्ट्र की मंडियों से ही महंगी कीमत पर प्याज लाना पड़ रहा है। दुर्ग थोक मंडी में प्याज थोक में 32 से 35 रुपए किलो और चिल्हर में 40 से 45 रुपए प्रति किलो की दर पर बिक रहा है।

मांग ज्यादा होने के कारण इस समय महाराष्ट्र की मंडियों में ही प्याज की कीमत सामान्य से ज्यादा है। मंडियों में ख्ररीदी के बाद सड़क मार्ग से परिवहन के अतिरिक्त खर्च के कारण प्याज की कीमत और भी ज्यादा हो जा रही है।