रायपुर

आफ सीजनः हवाई किराया में आई गिरावट... रायपुर से दिल्ली के लिए अब देने होंगे इतने

रायपुर। बारिश शुरू होती ही स्कूल और कालेज खुल गए है, ऐसे में हवाई यात्रा करने वालों की संख्या में भी गिरावट आ गई।  इसके चलते विमानन कंपनियों द्वारा भी अपने हवाई किराये में कमी की गई है और 10 से 12 हजार रुपये तक पहुंच गया रायपुर से दिल्ली व रायपुर से मुंबई का हवाई किराया 6500 से 8000 रुपये तक हो गया है।

बतादें कि रायपुर से दिल्ली की हवाई टिकट 7 से 8 हजार तक उपलब्ध है। वहीं रायपुर से मुंबई की बात करें तो मुंबई के लिए 6500 से 7000 रुपये में यात्रा की जा सकती है। रायपुर से बैंगलुरू 8000 रुपये, रायपुर से हैदराबाद 7500 रुपये, रायपुर से कोलकाता 6500 रुपये तक टिकट उपलब्ध है।

बारिश के मौसम में हवाई यात्राएं कम हो जाती है, तो विमानन कंपनियों पर भी इसका असर पड़ता है और वे हवाई किराया कम करती है। मालूम हो कि पिछले महीने 21 जून को दिल्ली से रायपुर का हवाई किराया 20 हजार रुपये पार हो गया था।

बीते दो सप्ताह से रायपुर विमानतल से हवाई यात्रियों की आवाजाही में कमी आई है। 17 जून से 23 जून वाले सप्ताह में 47,560 हवाई यात्रियों की आवाजाही हुई, जो इसके पिछले सप्ताह की तुलना में 2.44 प्रतिशत कम है। इसी प्रकार 24 से 30 जून वाले सप्ताह में 46,438 हवाई यात्रियों की आवाजाही हुई, जो 2.36 प्रतिशत कम रही। इसी प्रकार बीते 15 दिनों में 652 उड़ानों का संचालन हुआ।