रायपुर

स्तन, गर्भाशय कैंसर के खतरे को कम करने हरी सब्जी, दाल, ताजा फल सहायकः डा. विजय

रायपुर। सुहिणी सोच संस्था द्वारा  वृंदावन हॉल, सिविल लाइन रायपुर में महिलाओं के लिए"सखी स्वास्थ्य एवं सावन तंबोला" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का  मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र से की गई। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान हुआ। कार्यक्रम में ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी एवंअंताक्षरी पर सभी महिलाओं ने भाग लिया और खूब आनंद लिया।

संस्था की संस्थापिका मनीषा तारवानी एवं अध्यक्ष दीक्षा बुधवानी ने बताया कि इस कार्यक्रम के ट्रेनर मातृत्व प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय डेंबरा ने  बालिकाओं और महिलाओं के किशोरावस्था से लेकर प्रौढ़ावस्था में आने वाली शारीरिक और मानसिक समस्याओं जैसे मासिक धर्म, मेनोपॉज ,हार्मोनल असंतुलन के लक्षण बताए। साथ ही मासिक धर्म के समय होने वाले दर्द को कम करने की लिए अधिक  पानी पीने, गर्म पानी की सिकाई करने एवं मेडिटेशन की सलाह दी। साथ ही  नमक, शक्कर, तेल कम उपयोग कर, संतुलित आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा हर महिला को अपनी मासिक धर्म की जानकारी के लिए एक डायरी रखना अति आवश्यक है, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसका पता लगाया जा सके।

स्तन कैंसर, गर्भाशय कैंसर आदि की जानकारी देते हुए बताया कि कैंसर के खतरे को कम करने के लिए हरी सब्जियां, दाले, ताजा फल, पौष्टिक भोजन लेना चाहिए, स्वस्थ वजन बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम करना अति आवश्यक है। साथ ही कैंसर के खतरे को कम करने के लिए एचपीवी वैक्सीन की जानकारी दी।

अतिथि डॉ.सौम्या रघुबीर ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा, कि महिलाओं के स्वास्थ्य  के लिए ऐसे कार्यशालाओ के आयोजन अति महत्वपूर्ण है।  प्रशिक्षित योग प्रशिक्षिका एवं प्रशिक्षित नेचिरोपैथिस्ट सुरुचि टावरी ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के द्वारा महिलाओं में होने वाली मासिक धर्म संबंधी समस्याओं का निवारण बताया। साथ ही योग से होने वाले  अनगिनत फायदे बताए।

इस प्रोग्राम की डायरेक्टर माही बुलानी, जूही दरयानी एवं पल्लवी चिमनानी ने बताया  कि इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य के साथ -साथ मनोरंजन के लिए सावन तंबोला एवं ढेरों आकर्षक उपहारों दिए गए। जिसमें  डॉ. विजय डेंब्रा एवं सोनिया गंगवानी विजेता रहे। साथ ही अन्य सभी विजेताओं ने उपहार दिया गया। इस कार्यक्रम में  संस्था के मार्गदर्शक सीए चेतन तारवानी भी उपस्थित हुएष साथ ही संस्था के सभी सदस्यों सहित अन्य महिलाएं व किशोरी बालिकाओं ने उपस्थित होकर इसका लाभ लिया। कार्यक्रम की समाप्ति सुहिणी सोच संस्था की सचिव पूनम बजाज द्वारा की गई।