रायपुर

'सहयोग' के वरिष्ठ जनों को बताया गया साइबर- डिजिटल फ्राॅड से कैसे रहें सुरक्षित

0- गूगल के प्राधिकृत अधिकारी मुकेश साहू ने लघु फिल्म के माध्यम से किया जागरूक

रायपुर। वरिष्ठ जन मंच 'सहयोग' की मासिक बैठक में  हेल्पज इंडिया ने वरिष्ठ जनों को आजकल हो रहे डिजिटल फ्रॉड या साइबर फ्रॉड के बारे में सविस्तार जानकारी दी। उन्होंने इससे बचने के उपाय बताते हुए सतर्क रहने के लिए गूगल के प्राधिकृत अधिकारी मुकेश साहू ने एक चलचित्र दिखाकर उनसे बचने के उपाय बताए।  सतर्कता से कैसे अपने डिजिटल पेमेंट का उपयोग किया जा सकता है, गूगल के साहू ने इस बारे में विस्तृत जानकारी दी। ताकि कोई भी वरिष्ठ सदस्य डिजिटल पेमेंट का उपयोग करते हुए सावधानी से भविष्य में साइबर फ्रॉड से अपने आप को और अपनी गाढ़ी कमाई को सुरक्षित रख सकें।
 
दरअसल 'सहयोग' चौबे कॉलोनी रायपुर की महाराष्ट्र मंडल भवन में आयोजित मासिक बैठक में छत्तीसगढ़ के पहले तिहार हरेली, जिसे मराठी में गटारी अमावस्या व दीप अमावस्या भी कहा जाता है, के बारे में प्रमाणिक जानकारी दी गई। तत्पश्चात सभी सदस्यों ने एक- दूसरे को इस पहले पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। 
 
बैठक की शुरुआत मुख्य अतिथि व अध्यक्ष अपर्णा कालेले व सचिव रविकांत भागवत ने दीप प्रज्ज्वलित कर और श्रीगणेश स्तोत्र पाठ करने के साथ हुई। अगस्त महीने में जिन सदस्यों का जन्मदिन है, उन्हें भी शाल और श्रीफल से सम्मानित किया। सभा का संचालन कोषाध्यक्ष दीपक पात्रीकर ने किया। उपस्थित सभी सदस्यों का आभार प्रदर्शन सचिव भागवत ने किया। बैठक समाप्त होने से पहले भाटे द्वारा हरेली तेव्हार के बारे में जानकारी दी और सौ. गिजरे ने भजन प्रस्तुत किया।