रायपुर

सीएम बघेल ने संगठन में बदलाव के दिए थे संकेत... प्रदेश प्रभारी ने इस पर क्या कहा... पढ़िए पूरी खबर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की चर्चा सियासी गलियारों में जोरशोर से चल रही है। इसके पीछे वजह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दिल्ली से लौटने के बाद परिवर्तन के लिए इशारों में दिए गए संकेत थे। उन्होंने दिल्ली प्रवास के दौरान पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी, जिसमें विभिन्न विषयों को लेकर चर्चा की थी। इसके बाद रायपुर लौटते ही उन्होंने जब परिवर्तन की बात को इशारों के माध्यम से कहा, तो प्रदेश कांग्रेस का सियासी मिजाज भी गर्म हो गया। चर्चा में यह बात भी सामने आई थी कि संगठन की महती जिम्मेदारी खाद्यमंत्री अमरजीत भगत के हाथों में सौंपी जा सकती है। 

सोमवार को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। इस बीच चर्चा में उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बना हुआ है, ऐसे में किसी परिवर्तन की कोई भी आवश्यकता नहीं है। शैलजा कुमारी ने कहा कि राज्यों में इस तरह की सियासी शिगूफे उड़ते रहते हैं, जिस पर बहुत ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। 
 

वहीं कुमारी शैलजा ने और भी विस्तार से बातों को रखते हुए कहा कि प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार ने जिन मापदंडों को तय कर प्रदेश के लोगों के हित में काम किया है, संगठन उन्हीं योजनाओं को लेकर प्रदेश में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इसे ही आधार बनाकर आगे बढ़ेगी और फिर से सत्तासीन होगी। कुमारी शैलजा ने एक बार फिर प्रदेश संगठन में किसी तरह के बदलाव को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह सब सियासी शिगूफा मात्र है।