रायपुर

सूने मकानों में चोरी करने वाले तीन आरोपी एवं चोरी के जेवरों को खरीदने वाला व्यापारी गिरफ्तार

 रायपुर। राजधानी पुलिस ने सूने मकान में चोरी के मामले मे तीन आरोपी और चोरी का सोना खरीदने वाले व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने थाना कबीर नगर, आमानाका एवं डीडी नगर क्षेत्र में 4 मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार निलेश शर्मा ने थाना कबीर नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एमआईजी-2/65 फेस-2 कबीर नगर में रहता है। 4 मार्च को परिवार के साथ अम्लई (शहडोल) गया था। 6 मार्च को वापस घर आकर देखा तो उसके घर के दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ था। चोरों ने आलमारी का लॉकर तोड़कर आलमारी में रखें सोने - चांदी के जेवरात, डीएसएलआर कैमरा, स्पीकर, चांदी का सिक्का एवं नगदी रकम को चोरी कर लिया।
 

इसी तरह भुरू राम साहू ने थाना डीडीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह महादेव घाट में किराये के मकान में रहता है। 7 मार्च को होली मनाने सपरिवार अपने गांव कवर्धा गया था। 10 मार्च को पड़ोसी ने घर का ताला टूटे होने की सूचना दी। आकर देखा तो पता चला कि घर में चोरी हुई है।

तीसरी घटना में रवि गोयल ने थाना आमानाका में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पार्थिवी नगर टाटीबंध आमानाका रायपुर में रहता है। 7 मार्च को अपने परिवार के साथ सूरजपुर चले गए। घर की देखभाल के लिए अपने स्टाफ राकेश साहू को रखा था। 8 मार्च को दोपहर में राकेश साहू ने प्रार्थी को फोन कर बताया कि आपके घर का ताला टूटा हुआ है दरवाजा भी टूटा हुआ है। प्रार्थी वापस रायपुर आकर देखा तो घर का दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखे तो कमरों में सामान बिखरा हुआ था अंदर कमरे की आलमारी भी खुली हुई थी तथा आलमारी में रखें सोने-चांदी के जेवरात, मोबाईल फोन एवं नगदी रकम नहीं था।

चौथी घटना में अज्ञात आरोपी द्वारा थाना आमानाका क्षेत्रांतर्गत पार्थिवी नगर स्थित प्रार्थी दुष्यंत कुमार गुप्ता के सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर आलमारी में रखें सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम को चोरी कर ले गया था।

त्योहार के दौरान शहर में हो रही लगातार चोरी को लेकर एसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने प्रार्थियों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटना स्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों का अवलोकन भी किया। जिसके बाद संदेह के आधार पर चंगोराभाठा निवासी सूरज सिंह को पकड़ा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर सूरज सिंह ने अपने साथी देव साहू एवं साहिल सोनकर के साथ मिलकर चोरी की उक्त घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा घटना में संलिप्त आरोपी देव साहू एवं साहिल सोनकर को भी पकड़ा गया।

तीनों आरोपियों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा चोरी की सोने एवं चांदी के जेवरातों को कबीर नगर निवासी प्रताप सोनी के पास बेचना बताया गया, जिस पर चोरी के सोने एवं चांदी के जेवरातों को क्रय करने वाले आरोपी प्रताप सोनी को भी गिरफ्तार किया गया।