रायपुर

मन में शान्ति होगी तो जनता की अच्छी सेवा कर सकेंगेः डा. चरणदास महंत

रायपुर। राजधानी स्थित शांति सरोवर में प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव सहित अनेक मंत्रीगण, संसदीय सचिव एवं विधायक शामिल हुए। मुख्यमंत्री सहित सभी ने शांति सरोवर की पूर्व क्षेत्रीय निदेशक स्वर्गीय कमला दीदी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि आज लोगों को आत्मिक शान्ति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे कई साथी माउण्ट आबू जाने की इच्छा रखते हैं। मन में शान्ति होगी तो जनता की अच्छी सेवा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अशांत मन से परमात्मा को याद नहीं कर सकते। हम सब उनकी संतान हैं और उनके समान बनना चाहते हैं।
 
 
क्षेत्रीय निदेशिका ब्रम्हाकुमारी हेमलता दीदी ने सभी मंत्रियों एवं विधायकों को माउण्ट आबू में आयोजित तीन दिवसीय राजयोग शिविर में भाग लेने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य सांस्कृतिक परम्पराओं से भरपूर है। लोगों को आज नैतिकता और आध्यात्मिकता के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।  प्रयागराज से पधारी धार्मिक सेवा प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रम्हाकुमारी मनोरमा दीदी ने कहा कि यह भूमि भावनाओं से भरी हुई है। यह भूमि अयोध्यापति श्रीराम का ननिहाल रहा है। माउण्ट आबू की भूमि श्रेष्ठ पावन भूमि है। 
 
 
समारोह में रायपुर के बाल कलाकारों ने राजकीय गीत अरपा पैरी के धार...गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अन्त में भिलाई सेवाकेन्द्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने आभार प्रदर्शन किया। संचालन धमतरी सेवाकेन्द्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी ने किया।