पीएम आवास मसले पर विपक्ष ने दिया स्थगन प्रस्ताव... आसंदी से नहीं मिली मंजूरी... जमकर हंगामा... सदन स्थगित
2023-03-15 01:39 PM
226
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सड़क से सदन तक जोरदार माहौल बना हुआ है। बुधवार को जहां विपक्षी दल भाजपा ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया है, तो वहीं सदन में भी विपक्ष ने पीएम आवास योजना को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाकर चर्चा कराए जाने की मांग रखी। शून्यकाल में दिए गए इस प्रस्ताव को आसंदी ने खारिज कर दिया, जिससे नाराज होकर विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया। विपक्ष ने पहले अपने स्थान पर खड़े होकर नारेबाजी की, जिसके बाद सभी सदस्य सदन से बाहर हो गए। विपक्ष के हंगामे को देखते हुए सदन की कार्रवाई पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ गई।
दरअसल, छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर विपक्षी दल भाजपा ने सरकार के खिलाफ माहौल गर्म कर रखा है। इस मामले को लेकर सदन में जहां सरकार को घेरने का प्रयास किया जा रहा है, तो सदन के बाहर बड़े स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा बनाकर विधानसभा घेराव प्रस्तावित है। आज सदन में शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विधायक शिवरतन शर्मा, अजय चंद्राकर, धरमलाल कौशिक समेत विपक्ष के अन्य सदस्यों ने सदन की कार्यवाही रोककर चर्चा कराए जाने की मांग रखी।
विपक्ष ने कहा कि जबसे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से गरीब परिवारों का 16 लाख पीएम आवास निर्माण रोक दिया गया है। इससे प्रधानमंत्री की इस योजना का लाभ हितग्राहियों को नहीं मिल पा रहा है। इस महत्वपूर्ण विषय पर सदन की कार्यवाही रोककर चर्चा कराने की मांग विपक्ष ने की, परंतु आसंदी पर बैठे विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने विपक्ष का स्थगन प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया। जिससे नाराज होकर भाजपा विधायक खड़े होकर हंगामाने में करते हुए नारेबाजी करने लगे। लगातार हंगामा को देखते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 5 मिनट के स्थगित करने की घोषणा कर दी।