Weather Update: छत्तीसगढ़ का पारा गिरा, रायपुर में चल रही ठंडी हवाएं
2023-03-16 11:03 AM
255
रायपुर। मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के तापमान में एक बार फिर गिरावट आई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी वातावरण में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पूर्वी-ईरान के ऊपर स्थित है, इसके प्रभाव से एक प्रेरित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य राजस्थान और उससे लगे क्षेत्र के ऊपर स्थित है। इसका असर छत्तीसगढ़ में भी पड़ रहा है।
छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पूर्व से नमी युक्त हवा का आगमन बंगाल की खाड़ी से लगातार हो रहा है, मध्य स्तर पर पश्चिमी द्रोणिका का प्रभाव 16 से 20 मार्च तक रहने की संभावना है। प्रदेश में 16 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने अंधड़ चलने तथा ओलावृष्टि की संभावना है। गुरुवार 16 मार्च को राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। उन्होंने बताया कि सिस्टम बदलने के कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।