छत्तीसगढ़

प्रदेश में 14 से 15 नवंबर के बीच बारिश संभावित... तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठंड

रायपुर। राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम शुष्क बना हैं। जिससे प्रदेश का पारा सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। बता दें 14 नवंबर से 15 नवंबर के बीच कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी रायपुर (Raipur) में मंगलवार को आकाश साफ रहने की संभावना है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रह सकता है। जिससे लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि, 17 नवंबर से उत्तरी हवाएं चलने से तापमान में लगभग 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड बढ़ सकती है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण जल्द ही तापमान में गिरावट की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में स्थित चक्रवात और उससे जुड़े निम्न दबाव क्षेत्र के कारण प्रदेश के दक्षिणी जिलों में बारिश हो सकती है। द्रोणिका पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) तक फैली है, जो 1.5 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसका असर आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है।