छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव में उत्साह.... 10 नगर निगमों में मेयर व पार्षदों का तय होगा भविष्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मंगलवार को पूरे प्रदेश में वोटिंग जारी है। सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ और इसके साथ ही मतदाताओं में उत्साह नजर आया। प्रदेश के 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका व 114 नगर पंचायतों में महापौर-अध्यक्ष व पार्षद चुनने लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से ही मतदाता उत्साह के साथ मतदान केन्द्रों में पहुंच रहे हैं। इस बीच प्रदेश के दिग्गजों ने भी अपने वोट दिए। नगर निगम रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर, चिरमिरी व धमतरी नगर निगम में चुनाव हो रहा है।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोगों के साथ लाइन में लगकर सपरिवार मतदान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की। डिप्टी सीएम अरुण साव के अलावा भाजपा की महापौर प्रत्याशी पूजा विधानी ने भी सपरिवार पहुंचकर मतदान किया। इधर नगरीय निकाय चुनाव 2025 के तहत लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने  सह परिवार मतदान किया। सभी से  अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने और विकास के लिए मतदान करने की अपील की है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. अजय सिंह ने मंगलवार को सपरिवार रायपुर नगर निगम के महापौर एवं वार्ड  पार्षद निर्वाचन के लिए  प्राथमिक शाला पुरैना मतदान केंद्र में मतदान किया।मतदान के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अपने मताधिकार का  प्रयोग अवश्य करने की अपील की। यही नहीं रायपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने सपत्नीक फॉरेस्ट रेंज ऑफिस पंडरी के मतदान केंद्र में मतदान किया। इस दौरान मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।