छत्तीसगढ़

ट्रैक्टर शोरूम में लगी भीषण आग…..मचा हड़कंप, आग पर काबू पाने तक कई ट्रैक्टर जलकर हुए खाक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक ट्रैक्टर शोरूम में शनिवार रात आग लगने के बाद हड़कंप मच गया। भीषण आग की चपेट में आकर कई ट्रैक्टर जलकर खाक हो गए। शोरूम में आग कैसे लगा, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं घटना से शोरूम पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

जानकारी के मुताबिक ये पूरी घटना कोंडागांव जिला के रायपुर नाका के पास स्थित ट्रैक्टर शोरूम की है। शनिवार रात अचानक शोरूम में आग लग गई। शोरूम के अंदर से धुंआ निकलने की जानकारी के बाद आनन फानन में दमकल को घटना की जानकारी दी गई। जब तक दमकल की टीम मौके पर पहुंचती, इतनी देर में आग भीषण हो गयी और शोरूम में रखे कई ट्रैक्टर आग की चपेट में आकर जलने लगे।

उधर शोरूम में भीषण आग लगने के दौरान दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर देर रात काबू पाया जा सका। उधर इस घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गयी। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। शोरूम में आग कैसे लगी, इसका खुलासा नही हो सका है।