राजधानी रायपुर से जबलपुर मदन महल के बीच दौड़ेगी इंटरसिटी एक्सप्रेस, 7 घंटों में पूरा होगा सफर
रायपुर। राजधानी रायपुर से गोंदिया व बालाघाट होते हुए जबलपुर तक नई इंटरसिटी ट्रेन चलेगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के लोगों रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव के रास्ते सीधे बालाघाट व जबलपुर जाने के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे ने रायपुर से मदन महल (जबलपुर) के बीच एक नई ट्रेन सेवा शुरू करने का फैसला किया है। यात्रियों की सुविधा और लंबे समय से उठाई जा रही मांगों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। यह ट्रेन कुल छह स्टेशनों पर रुकेगी और करीब 6 घंटे 40 मिनट में अपना सफर पूरा करेगी।
रायपुर से जबलपुर के बीच अब यात्रियों को सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी, जिससे व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इस नई ट्रैन सेवा से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए जबलपुर पहुंचना आसान होगा और क्षेत्रीय उत्पादों का परिवहन भी बेहतर तरीके से संभव हो सकेगा। चुंकि इस रूट पर बालाघाट व नैनपुर जैसे स्टेशन है जिसके कारण बालाघाट, शिवनी, नैनपुर के लिए भी सीधी रेल सेवा मिलेगी। इन स्टेशनों के लिए रायपुर से चलने वाली यह सीधी ट्रेन होगी। इस ट्रेन के शुरू होने से रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव व डोंगरगढ़ के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
पहले इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाए जाने का प्लान बना था। वंदे भारत चलाने के संबंध में दिशा निर्देश भी जारी हुए और शेड्यूल भी तैयार हो रहा था। इसके बाद यह ठंडे बस्ते में चला गया। माना जा रहा है कि इस रूट पर वंदेभारत एक्सप्रेस को उम्मीद के अनुसार यात्री मिल सकते थे इस वजह से रेलवे को आर्थिक क्षति संभव थी। इसे देखते हुए संभवत: वंदेभारत का प्लान कैंसिल किया गया। अब इस रूट पर इंटरसिटी चलेगी जिसका किराया भी कम होगा जिससे यात्रियों का उत्साह बढ़ेगा।
गाड़ी क्रमांक 11701/11702 मदन महल – रायपुर – मदन महल के बीच चलने वाली यह नियमित ट्रैन मदन महल से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर कुछपुरा (6:25 बजे) होते हुए दोपहर 1:50 बजे रायपुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रैन रायपुर से दोपहर 2:45 बजे चलकर कुछपुरा (10:10 बजे) होते हुए रात 10:30 बजे मदन महल पहुंचेगी। इसका ठहराव नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव और दुर्ग स्टेशनों पर होगा। ट्रैन में कुल 15 कोच होंगे, जिनमें 1 एसएलआरडी, 1 एसएलआरआरएम, 8 स्लीपर, 3 एसी-3 और 1 एसी-1 शामिल हैं।