छत्तीसगढ़ से ओड़िशा जा रही हीराखंड एक्सप्रेस तीन घंटे तक रही खड़ी, तकनीकी खराबी की वजह से कुसमी स्टेशन पर …
हीराखंड एक्सप्रेस: जगदलपुर से भुवनेश्वर जाने वाली हीराखंड एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन ओडिशा के कुसमी स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण तीन घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही। कपलिंग टूटने की वजह से पूरी ट्रेन के पहिए थम गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, एलएचबी कोच की वजह से समस्या और जटिल हो गई है। कपलिंग टूटने के चलते कोचों को जोड़ने में कठिनाई आ रही है। ट्रेन में भारी संख्या में यात्री सवार हैं और गर्मी तथा इंतजार के चलते यात्रियों की उत्कंठा और बेचैनी बढ़ती जा रही है।
रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच चुकी है और कपलिंग की मरम्मत के कार्य में तेजी से जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ट्रेन को पुनः रवाना करने की कोशिश की जा रही है।
हीराखंड एक्सप्रेस जगदलपुर से रवाना होकर भुवनेश्वर तक जाती है और यह इस रूट की महत्वपूर्ण यात्री ट्रेन मानी जाती है। ऐसे में ट्रेन के फंसे रहने से न केवल यात्रियों की यात्रा बाधित हुई है, बल्कि पूरे रेल संचालन पर भी असर पड़ा है।