छत्तीसगढ़ के शिमला में भाजपा का चिंतन शिविर 7 जुलाई से... शाह और नड्डा होंगे शामिल
Raipur News: छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में भारतीय जनता पार्टी का चिंतन शिविर लगने जा रहा है। जिसमें प्रदेश भाजपा के तमाम विधायकों के साथ-साथ सांसदों का जमावड़ा होने जा रहा है। पूरी सरकार तीन दिनों तक प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होगी यानी सरकार भी मैनपाट से चलेगी। शिविर में केंद्रीय नेतृत्व के नेता स्थानीय विधायक, सांसद और सरकार को प्रशिक्षित करेंगे। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार बनने के बाद अब तक की सबसे बड़ी बैठक और शिविर के रूप में इसे देखा जा रहा है। भाजपा का कहना है कि इस प्रशिक्षण शिविर से नए विधायक और सांसद बने नेताओं को काफी फायदा होगा।
दरअसल, मैनपाट के हसीन वादियों में 7, 8 और 9 जुलाई को पूरी सरकार मौजूद रहेगी। केंद्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल और संगठन मंत्री पवन साय ने मैनपाट का दौरा किया और प्रशिक्षण शिविर की तैयारी को लेकर दिशा निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इस प्रशिक्षण शिविर में पूरी सरकार तो सरगुजा के मैनपाट में मौजूद रहेगी। केंद्रीय नेता अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आ सकते हैं। सत्ता-संगठन में समन्वय बैठाने के साथ ही सरकार की योजनाओं को लोगों तक कैसे पहुंचाना है इस पर मंत्रणा की जाएगी।