लखमा बोले- आदिवासी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है शराब, मेरे जिंदा रहते नहीं होगी शराबबंदी
2023-04-09 11:03 AM
372
रायपुर। छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा एक बार फिर शराबबंदी पर बयान देकर सुर्खियों में बने हुए है। उन्होंने जगदलपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि मेरे जिंदा रहते बस्तर में कभी शराबबंदी नहीं होगी। यह आदिवासी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।
मंत्री कवासी लखमा ने जगदलपर के लालबाग मैदान में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि बस्तर में पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून लागू है और ग्रामसभा को बड़े निर्णय लेने का अधिकार है। यहां ग्रामसभा की अनुमति के बिना शराबबंदी न केंद्र और न राज्य सरकार कर सकती। ग्रामसभा जब चाहेगी तभी यहां शराबबंदी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि यहां की आदिवासी संस्कृति में धार्मिक अनुष्ठान से लेकर सामाजिक कार्यक्रमों में शराब का उपयोग करने की परंपरा है. यहां के लोग परिश्रमी हैं और इनमें कई दिनभर मेहनत मजदूरी के बाद शराब पीते हैं और थकान मिटाते हैं। मैं भी ग्रामीण क्षेत्र का आदिवासी हैं और तेंदूपत्ता तोड़ने से लेकर मिट्टी खोदने जैसे काम मैंने किया है।