छत्तीसगढ़

गर्मी ने दिखाना शुरू किया तेवर... छत्तीसगढ़ में 40 डिग्री चढ़ा पारा... अब लू के थपेड़ों से होगा सामना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बादल छंट गए हैं, तो हवा की दिशा भी बदल गई है। जिसका असर अब प्रदेश के सभी जिलों और हिस्सों में नजर आने लगा है। मौसम के बदले मिजाज का आलम यह है कि प्रदेश में नम हवाओं का आना थम गया है, तो गर्म हवाएं चलने लगी हैं। वहीं अब प्रदेश में पारा भी चढ़ने लगा है। 

एक दिन पहले तक यानी सोमवार तक प्रदेश का अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री पर था, लेकिन दूसरे ही दिन 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि हवा की दिशा अब उत्तर पश्चिम हो गई है और इससे मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों में गर्मी अपना तेवर दिखाने लगेगी। बताया जा रहा है कि अभी शुरुआती दौर है, समय के साथ अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी निश्चित है। 

प्रदेश भर में एआरजी सारंगढ़ में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में अब हवा की दिशा उत्तर पश्चिम हो गई है। इसके चलते बुधवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 20 अप्रैल तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और गर्मी बढ़ेगी। 20 अप्रैल के बाद मौसम का मिजाज थोड़ा बदलेगा। इस वर्ष दस सालों में मार्च का महीना सबसे कम तपाने वाला रहा।