धमतरी जिला: वर्ष 2025 में विकास की सशक्त यात्रा
धमतरी : वर्ष 2025 धमतरी जिले के लिए समग्र, समावेशी एवं सतत विकास का स्वर्णिम अध्याय बनकर उभरा। दूरदर्शी जिला प्रशासन, संवेदनशील शासन व्यवस्था तथा राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी समन्वय से जिले ने अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, कृषि उन्नयन, सामाजिक सशक्तिकरण और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कीं। यह वर्ष विकास को केवल आँकड़ों तक सीमित न रखकर जन-जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक सिद्ध हुआ।
ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संपर्क सुदृढ़ करने हेतु प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राज्य मद एवं अन्य योजनाओं के अंतर्गत नई सड़कों का निर्माण तथा जर्जर सड़कों का उन्नयन किया गया। दूरस्थ ग्रामों को मुख्य मार्गों से जोड़ने से आवागमन सुगम हुआ, वहीं व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक आमजन की पहुँच सशक्त हुई। पुल-पुलियों के निर्माण से वर्षा ऋतु में भी निर्बाध यातायात सुनिश्चित हुआ।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल से जल पहुँचाने की दिशा में ऐतिहासिक प्रगति दर्ज की गई। नवीन जलापूर्ति योजनाओं, पाइपलाइन विस्तार एवं पेयजल स्रोतों के सुदृढ़ीकरण से शुद्ध पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित हुई। इससे जलजनित रोगों में कमी आई और ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
अमृत सरोवर योजना, तालाब गहरीकरण, चेकडैम, स्टॉपडैम तथा वर्षा जल संचयन संरचनाओं के माध्यम से जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। इन प्रयासों से भूजल स्तर में सुधार हुआ और कृषि, पशुपालन एवं पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति को दीर्घकालिक आधार मिला।
समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन को पारदर्शी, तकनीक-आधारित एवं सुचारू बनाते हुए रिकॉर्ड मात्रा में खरीदी की गई तथा किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया गया। नहरों की मरम्मत, जलाशयों के सुदृढ़ीकरण एवं सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं के विस्तार से रबी एवं ग्रीष्मकालीन फसलों को प्रोत्साहन मिला।
फसलचक्र परिवर्तन के अंतर्गत दलहन, तिलहन, मोटे अनाज, मखाना एवं औषधीय फसलों की खेती को बढ़ावा दिया गया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ जल उपयोग दक्षता में भी सुधार हुआ।