छत्तीसगढ़

दिल्ली से सीधे अंबिकापुर और बिलासपुर की फ्लाइट

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के माँ महामाया दरिमा एयरपोर्ट से लंबे समय से बंद पड़ी हवाई सेवा एक बार फिर बहाल होने की तैयारी में है। इसके लिए अलायंस एयर ने एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनुमति मांगी है। प्रस्ताव के अनुसार अब दिल्ली से सीधे विमान सेवा शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। 

बताया जा रहा है कि एलायंस एयर सप्ताह में दो दिन यहां से उड़ान संचालित करेगी। तय शेड्यूल के अनुसार सोमवार को दिल्ली से बिलासपुर, बिलासपुर से अंबिकापुर और अंबिकापुर से दिल्ली तक फ्लाइट संचालित होगी। वहीं बुधवार को दिल्ली से अंबिकापुर, अंबिकापुर से बिलासपुर और फिर बिलासपुर से दिल्ली तक विमान सेवा दी जाएगी। 

संभावना है कि इस रूट पर 72 सीटों वाले एटीआर विमान का संचालन किया जाएगा। किराया लगभग 4500 से 6000 रुपये के बीच रहने का अनुमान है। इससे आम यात्रियों को भी हवाई यात्रा का विकल्प आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।