वन विभाग ने 3 लाख कीमत की लकड़ी और ट्रक किया जब्त, वाहन चालक फरार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्यवाही की है। कटघोरा वनमंडल के पसान वनपरिक्षेत्र में साल प्रजाति की लगभग 3 लाख रुपए की लकड़ी और 20 लाख रुपए का ट्रक जब्त किया गया। बताया जा रहा हैं की वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्व क्षेत्र में काटी गई साल की लकड़ी का परिवहन एक ट्रक से किया जा रहा है। सूचना मिलने पर वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। उप वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पसान, वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी, वनपाल कौशल प्रसाद द्विवेदी और सुरक्षा श्रमिक भीमसेन सहित वन अमले ने घेराबंदी की।
रात्रि लगभग 1.40 बजे कक्ष क्रमांक ओ.ए. 650 क्षेत्र में वनोपज परिवहन करते वाहन का पीछा किया गया। रामपुर से धवलपुर मार्ग पर कुछ दूर जाने के बाद वाहन चालक वाहन को लावारिस छोडक़र फरार हो गया। ट्रक से साल प्रजाति के कुल 15 लठ्ठे बरामद हुए, जिनकी मात्रा लगभग 6.50 घन मीटर है। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए और ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52, 55, 42(आई)(ई) तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम की धारा 3 एवं 16 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वाहन को परिक्षेत्र कार्यालय लाया है।
कटघोरा डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि जब्त वाहन पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी रखने की बात कही है।