छत्तीसगढ़

मंडप सजा था, चल रहे थे फेरे और अचानक हुई लाइट गुल..... दूल्हा-दुल्हन पर अज्ञात ने किया एसिड अटैक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक शादी समारोह के दौरान मंडप पर फेरों क दौरान एसिड अटैक की घटना सामने आई है। फेरों के दौरान अचानक लाइट गुल हो गई इसी बीच अज्ञात व्यक्ति ने मंडप पर एडिस फेंक दिया। घटना में दूल्हा-दुल्हन सहित करीब 10 रिश्तेदार झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत महारानी अस्पताल जगदलपुर में भर्ती कराया गया है। शादी की खुशियों चंद मिनटों में ही तहश-नहश हो गई। मामला बुधवार को बस्तर जिले के ग्राम आमाबाल का बताया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुधापाल का रहने वाला डमरू बघेल (23) की शादी आमाबाल में रहने वाली सुनीता कश्यप (19) के साथ हो रही थी। मंडप सजा था, चारों तरफ खुशियों का माहौल था। इस बीच अचानक लाइट गुल हो गई। तभी मंडप पर एसिड अटैक की घटना हुई। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही एसिड अटैक हुआ तो शादी में शामिल हुए रिश्तेदार समेत गांव के लोग यहां-वहां भागने लगे। कुछ देर के बाद जब लाइट आई तो देखा दूल्हा-दुल्हन दोनों के शरीर के कई अंगों में एसिड के छींटे पड़े थे। इसके साथ ही बच्चे महिला समेत अन्य 10 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

मौके पर मौजूद रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। फिलहाल भानपुरी पुलिस मामले की जांच कर रही है। भानपुरी थाना प्रभारी किशोर केवट के अनुसार, अज्ञात की तलाश की जा रही है। फिलहाल सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। अंधेरा होने के कारण एसिड फेंकने वाले की पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एसिड अटैक क्यों किया गया है।