छत्तीसगढ़

टीएस सिंहदेव का दावा... फिर आएगी कांग्रेस की सरकार... बोले, लोग सोचते हैं 'मैं CM बनूं'

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता टीएस सिंहदेव ने दावा किया है कि प्रदेश में कांग्रेस फिर से सत्ता में आएगी। उन्होंने साल 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि प्रदेश की जनता को कांग्रेस सरकार में उम्मीद नजर आई है, उनके आशाओं पर सरकार खरी उतरी है, ऐसे में जनता का विश्वास कांग्रेस के पक्ष में है, तो सरकार बनने से कोई भी नहीं रोक पाएगा। 
 

चर्चा के दौरान मंत्री टीएस सिंह ने मुख्यमंत्री पद को लेकर जवाब दिया कि मैंने कभी मुख्यमंत्री बनने के लिए जनता से वोट नहीं मांगा है। मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला पार्टी हाईकमान को तय करना होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही कांग्रेस का चेहरा हैं, यह बात अलग है कि लोग ये जरूर सोचते थे कि मैं CM बनूं।
 
इस बयान के पीछे मंत्री सिंहदेव का मकसद केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह के बयान का जवाब देना था, जिसमें उन्होंने कहा था कि खुद के मुख्यमंत्री बनने के नाम पर जनता से धोखा किया है। यह तमाम चर्चाएं मंत्री सिंहदेव ने बुधवार को बिलासपुर में जीएसटी कार्यालय का निरीक्षण पर पहुंचने के दौरान मीडिया से की। 

केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह के बयान पर कहा, मुझे कमजोर पाकर रेणुका खुश हैं, तो मुझे भी खुशी है। उनके लिए मैं कमजोर दिख रहा हूं। मैं राजनीति में आने के लिए कभी नहीं सोचा था। अभी तक जो परिस्थितियां बनी है। उसमें मैं खुद नहीं जानता कि मुख्यमंत्री कब बनूंगा।

सिंहदेव ने कहा, मैं पहले भी कह चुका हूं कि किसी दल में नहीं जाऊंगा और भाजपा में किसी से दुश्मनी नहीं है। लेकिन, भाजपा से मेरे विचार नहीं मिलते। अगर, भाजपा के कार्यकर्ता नहीं चाहते तो यह अच्छा है। चुनाव में जैसा रहा हूं, वैसा ही रहूंगा।