छत्तीसगढ़

मधुमक्खियों के हमले से गार्डन में मची भगदड़, 10 से ज्यादा घायल

बिलासपुर।  शहर के कंपनी गार्डन में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में 10 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गार्डन में लगे मधुमक्खियों  के छत्ते से किसी असामाजिक तत्व द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की आशंका है, जिसके बाद मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

हमला इतना अचानक था कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला और गार्डन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सुबह की सैर करने पहुंचे लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, जो अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। मधुमक्खियों के डंक से घायलों के चेहरे, कान और शरीर के अन्य हिस्सों में सूजन आ गई, जिससे कई लोग दर्द और घबराहट में दिखे। घटना के बाद पूरे गार्डन में दहशत का माहौल बन गया और लोग तुरंत वहां से निकलने लगे।