बोर्ड रिजल्ट जारी होने से पहले बड़ा एक्शन, बोर्ड पेपर लीक के आरोपी पर ईनाम घोषित
रायपुर। माशिमं बोर्ड परीक्षा पेपर लीक मामले में फरार चल रहे आरोपी वेणु जंघेल पर रायपुर पुलिस ने 5 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। लंबे समय से आरोपी की तलाश जारी थी, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सफलता नहीं लगी थी। ऐसे में अब इनाम की घोषणा के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास और तेज कर दिए हैं।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 130/2026 से जुड़ा हुआ है, जिसमें आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ परीक्षा अधिनियम की धारा 4, 5, 10 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। यह पूरा प्रकरण 14 मार्च 2026 को सामने आए परीक्षा अनियमितता और पेपर लीक से संबंधित है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वेणु जंघेल (18) बेमेतरा जिले के बोरतरा गांव का निवासी है। वह वर्तमान में रायपुर के अशोक नगर, गुढ़ियारी इलाके में रह रहा था। घटना सामने आने के बाद से ही वह फरार चल रहा है और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है, जिससे उसकी गिरफ्तारी में मुश्किलें आ रही हैं।
इस मामले में सेंट्रल जोन की डिप्टी पुलिस कमिश्नर अर्चना झा ने रायपुर पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत इनाम की उद्घोषणा जारी की है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ है और उसके खुलेआम घूमने से समाज के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है। यही कारण है कि आम जनता की मदद से उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित अधिकारियों को सूचित करे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही जो व्यक्ति आरोपी को पकड़वाने में मदद करेगा या ऐसी पुख्ता जानकारी देगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे 5 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इनाम वितरण का अंतिम निर्णय डिप्टी पुलिस कमिश्नर, मध्य क्षेत्र द्वारा लिया जाएगा।