‘मिनी गोवा’ झोरा घाट में हुड़दंग पर सख्त एक्शन, पुलिस ने की पिकनिक स्पॉट पर 23 बाइक जब्त
2026-05-11 08:30 AM
45
कोरबा: जिले के कटघोरा स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट झोरा घाट, जिसे ‘मिनी गोवा’ भी कहा जाता है, में रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। भीषण गर्मी और छुट्टी के दिन यहां करीब 5 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे थे, जहां कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवक शराब के नशे में रफ ड्राइविंग और खतरनाक बाइक स्टंट करते नजर आए। इस दौरान परिवारों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ड्रिंक एंड ड्राइव तथा रफ ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने कुल 23 मोटरसाइकिल जब्त की हैं और वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि झोरा घाट में भारी भीड़ के चलते निगरानी बढ़ाई गई थी। शिकायत मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि पिकनिक स्थलों पर शराब या नशे का सेवन न करें और शांतिपूर्ण तरीके से घूमने का आनंद लें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। झोरा घाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल के समय में यहां हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें बढ़ी थीं। इस कार्रवाई से पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।