नक्सलियों के मंसूबों पर सुरक्षाबलों का प्रहार, जंगलों से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
रायपुर। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों का सर्चिंग अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र में जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जंगल-पहाड़ी इलाकों में छिपाकर रखी गई नक्सल डम्प सामग्री बरामद की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में सुरक्षाबल लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता के साथ सघन सर्चिंग कर रहे हैं।
थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के ग्राम गुमचूर के जंगलों में चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 303 रायफल के 42 राउंड, 7.62 एसएलआर के 75 राउंड, 5.56 रायफल के 21 राउंड, एसएलआर मैग्जीन फिलर, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, स्टील कंटेनर और नक्सल साहित्य बरामद किया। वहीं थाना परतापुर क्षेत्र के पदालमस्पी जंगल में चलाए गए दूसरे अभियान में एक देशी मेड पिस्टल, टिफिन आईईडी, पावर कंट्रोलर, वायर और बैटरी जैसी विस्फोटक सामग्री जब्त की गई।
सुरक्षाबलों ने बरामद सभी सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांकेर और नारायणपुर के सीमावर्ती इलाकों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है, जिससे नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है। सुरक्षा बलों ने साफ किया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।