छत्तीसगढ़

किसान को सस्ते में डीजल दिलाने के नाम पर ठगा, शातिर फरार

बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र में किसानों के साथ ठगी का एक संवेदनशील मामला सामने आया है। डीजल की बढ़ती जरूरत और सस्ते ईंधन की तलाश का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक ने किसानों से 55 हजार रुपये की ठगी कर ली। जानकारी के अनुसार, शनिवार 20 जून शाम करीब 20-21 वर्षीय एक युवक ग्राम दतान पहुंचा और खुद को डीजल टैंकर का क्लीनर बताते हुए कहा कि उसके टैंकर में डीजल बचा हुआ है। जिसे वह बाजार कीमत से कम दर पर किसानों को दे सकता है। खेती-किसानी और ट्रैक्टर संचालन के लिए डीजल की आवश्यकता को देखते हुए गांव के कुछ किसान उसकी बातों में आ गए।
 
युवक किसानों को अपने साथ पलारी के समीप एक पेट्रोल पंप तक ले गया और वहां खड़े एक टैंकर को दिखाकर दावा किया कि इसी टैंकर में डीजल है। इसके बाद उसने अलग-अलग किसानों से 25 हजार, 15 हजार और अन्य रकम लेकर कुल 55 हजार रुपये अपने पास रख लिए। पैसे लेने के बाद वह यह कहकर वहां से चला गया कि टैंकर मालिक से बात करके आता है, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। 
 

काफी देर इंतजार के बाद किसानों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से जानकारी ली। तब उन्हें पता चला कि संबंधित टैंकर पेट्रोल पंप का है और युवक द्वारा बताए गए नाम का कोई कर्मचारी वहां कार्यरत ही नहीं है। इसके बाद किसानों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।