पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के दुर्ग उपकेंद्र में राजभाषा कार्यशाला का सफल आयोजन
रायपुर। 'नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास)-भिलाई-दुर्ग' के तत्वावधान में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, दुर्ग उपकेंद्र, मेड़ेसरा में विगत एक दिवसीय राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और भारत सरकार के राजभाषा विभाग के दिशा-निर्देशों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं संस्थान प्रमुख (महाप्रबंधक प्रभारी) ब्रह्मदत्त द्विवेदी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जबकि इस अवसर पर 'नराकास-भिलाई-दुर्ग' की ओर से भिलाई इस्पात संयंत्र के उप प्रबंधक (राजभाषा) जितेन्द्र दास मानिकपुरी मुख्य संकाय सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
स्वागत उद्बोधन देते हुए राजभाषा अधिकारी एवं अभियंता (अनुरक्षण) शैलेष कुमार ने संस्थान की प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि दुर्ग उपकेंद्र में अधिकांश प्रशासनिक और तकनीकी कार्य हिंदी में संपादित किए जा रहे हैं, साथ ही उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण का उल्लेख करते हुए राजभाषा संबंधी सभी संवैधानिक प्रावधानों के अनुपालन के प्रति संस्थान की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। अपने संबोधन में संस्थान प्रमुख ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने कहा कि पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का नियमित और कड़ाई से पालन किया जाता है तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की झिझक दूर करने के लिए प्रत्येक तिमाही में नियमित रूप से राजभाषा कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में मुख्य वक्ता जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित वार्षिक कार्यक्रम, लक्ष्यों और संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण के दौरान ध्यान रखे जाने वाले बिंदुओं पर विस्तृत प्रकाश डाला और 'नराकास' द्वारा किए जाने वाले वार्षिक मूल्यांकन की प्रक्रिया की भी जानकारी दी। तकनीकी सत्र के दौरान उन्होंने आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी (IT) टूल्स, जैसे गूगल ऑनलाइन वॉयस टाइपिंग और विभिन्न हिंदी इनपुट टूल का सजीव (Live) प्रदर्शन किया, जिससे कर्मचारी कंप्यूटर पर अधिक गति और सुगमता से हिंदी में कार्य कर सकें।
सत्र के अंत में कर्मचारियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए मुहावरों पर आधारित एक ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें अभियंता शीतला प्रसाद ने प्रथम, टेक्नीशियन असलम मोहम्मद शेख ने द्वितीय तथा सहायक प्रबंधक आशीष कुमार गौतम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि कनिष्ठ अभियंता (अनुरक्षण) अमित कुमार को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया तथा इस कार्यशाला में कनिष्ठ अभियंता ओम प्रसाद साहू, टेक्नीशियन युपेश कुमार, अजीत कुमार सामल, अविनाश तिवारी सहित पावर ग्रिड, दुर्ग उपकेंद्र के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी शैलेष कुमार द्वारा किया गया।