छत्तीसगढ़

भिलाई में साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा, पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 23 आरोपी हिरासत में

रायपुर। दुर्ग जिले के थाना छावनी पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त अवैध धनराशि के लेनदेन और उसे विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से स्थानांतरित करने में सहयोग कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि, थाना छावनी के तहत विभिन्न कानूनी धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की विवेचना के दौरान यह सामने आया कि आरोपी अपने स्वयं के साथ-साथ अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते भी साइबर एवं आर्थिक अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले वे कमीशन प्राप्त करते थे और कथित तौर पर ठगी से प्राप्त रकम के अवैध लेनदेन में सहयोग करते थे।

पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण तथा अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर 29 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए कुल 23 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जप्त किए गए हैं। जप्त सामग्री में 11 मोबाइल फोन, 3 एटीएम कार्ड, 3 बैंक पासबुक, 3 आधार कार्ड, 3 चेकबुक तथा अन्य बैंकिंग एवं इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस पूरे मामले में कमीशन के लालच में बैंक खाते उपलब्ध कराकर साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के अवैध लेनदेन में सहयोग करने की बात सामने आई है।