अंबिकापुर में केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा 'हर घर तिरंगा' और 'नशा मुक्त अभियान' के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रायपुर। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (क्षेत्रीय कार्यालय, अंबिकापुर) द्वारा विकासखंड अंबिकापुर के ग्राम रेवापुर में 'हर घर तिरंगा अभियान' और 'नशा मुक्त अभियान' के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और युवाओं में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करना और नशे के दुष्परिणामों के प्रति सतर्क करना था।
ग्राम पंचायत रेवापुर के सरपंच सोहन बड़ा ने तिरंगे को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का प्रतीक बताते हुए इसकी गरिमा बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गांव को नशे की बुराई से मुक्त करने के लिए परिवार, समाज, जनप्रतिनिधियों और युवाओं को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। प्राथमिक शाला रेवापुर के प्रधानपाठक श्री संतलाल ने नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।
जनसामान्य को प्रेरित करने के लिए रायपुर के 'रागिनी लोककला मंच' के कलाकारों द्वारा देशभक्ति और सामाजिक कुरीतियों पर आधारित सांस्कृतिक लोककला प्रस्तुतियां दी गईं। लोकगीतों के माध्यम से कलाकारों ने राष्ट्रप्रेम और नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्रध्वज का सम्मान करने, 'हर घर तिरंगा' अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली।