महाराष्ट्र मंडल में प्रत्येक रविवार लगेगी योग क्लासेस
- नवंबर-दिसंबर में सात दिवसीय योग शिविर का होगा आयोजन
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की योग समिति की ओर से मंडल परिसर में प्रत्येक रविवार को योग की क्लालेस लगाई जाएगी। इसके साथ योग के लिए लोगों को जागरूक करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। विगत दिनों मंडल परिसर में हुई योग समिति की बैठक में सामाजिक सरोकार से जुड़े कई मुद्दों और उनके क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। महाराष्ट्र मंडल कार्यकारिणी तथा मंडल के आध्यात्मिक, योग और स्वास्थ्य समिति की प्रभारी आस्था काले ने बताया कि योग समिति की बैठक में प्रत्येक रविवार को मंडल परिसर में योग क्लासेस लगाने का निर्णय लिया गया है।
आस्था काले ने आगे बताया कि योग समिति की बैठक में सालभर के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की शुरूआत गुरु मंत्र के साथ की गई। आस्था ने बताया कि घर-घर योग अभियान के तहत मंडल द्वारा संचालित सियान गुड्डी में समिति के सदस्यों द्वारा जाकर योग करवाया जाएगा। इसके साथ महीने के प्रत्येक रविवार महाराष्ट्र मंडल में योग क्लास लगेगी। सात दिवसीय योग शिविर का आयोजन नवंबर-दिसंबर में किया जाएगा। जिसमें प्रशिक्षित योग ट्रेनर योग सिखाएंगे। इसके साथ प्रत्येक महिला केंद्र की महिलाओं को योगा डांस के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
योग समिति की समन्वयक साक्षी टोले ने बताया कि मराठी सोहळा और संस्कार शिविर में बच्चों को योग सिखाया जाएगा। इसके साथ मंडल द्वारा संचालित स्कूल व अन्य स्कूलों में भी बच्चों को योग की ट्रेनिंग दी जाएगी। योग की ऑनलाइन ऑफलाइन क्लासेस के साथ वरिष्ठ नागरिकों को घर जाकर योग कराया जाएगा। और जिला व स्टेट स्तर पर बच्चों को लिए योग स्पर्धा का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक में योग समिति प्रमुख भालचंद्र पलसोदकर, योग समिति की महिला प्रमुख दिव्या पात्रीकर ने भी अपने विचार रखें।