कार्यस्थल पर एआई के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने बीएसपी में प्रशिक्षण कार्यक्रम
रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन-लर्निंग एंड डेवलपमेंट (एचआर-एलएंडडी) विभाग द्वारा कार्यस्थल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देने और कर्मचारियों में एआई आधारित कार्यप्रणालियों को अपनाने की दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से ‘एआई एट वर्कप्लेस’ विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 7 सितंबर 2026 को भिलाई मैनेजमेंट डेवलपमेंट सेंटर (बीएमडीसी) में किया गया। कार्यक्रम में एचआर-एलएंडडी विभाग के कर्मचारियों के साथ ट्रेड अप्रेंटिस और ग्रेजुएट अप्रेंटिस सहित कुल 23 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने किया। उन्होंने तेजी से बदलते कार्य परिवेश के अनुरूप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित कौशल के निरंतर उन्नयन और नई तकनीकों के साथ स्वयं को अद्यतन रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों को युवा प्रशिक्षुओं से सीखने तथा नई तकनीकों को अपनाने के प्रति उनकी उत्सुकता, रचनात्मकता और डिजिटल दक्षताओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए महाप्रबंधक प्रभारी एवं विभागाध्यक्ष (एचआर-एलएंडडी) संजीव कुमार श्रीवास्तव ने विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से संचालित विभिन्न पहलों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विभाग में एआई आधारित कार्यों और परियोजनाओं की प्रगति साझा करते हुए कर्मचारियों के बीच एआई संबंधी दक्षताओं के विकास की आवश्यकता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘एआई आधारित प्रोजेक्ट शोकेस’ रहा। इसमें बीएमडीसी में पदस्थ ट्रेड अप्रेंटिस और ग्रेजुएट अप्रेंटिस ने विभिन्न एआई टूल्स के माध्यम से विकसित व्यावहारिक कार्यों और परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के दौरान युवा प्रशिक्षुओं ने कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं के समाधान, कार्यों के स्वचालन और कार्य-दक्षता में सुधार के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी उपयोग के विभिन्न उदाहरण प्रस्तुत किए। एआई आधारित परियोजनाओं का प्रदर्शन वैभव लक्ष्मी दुबे, नितिन पटेल, कावेरी सिंधे, महिमा ठाकुर, रिया गृतलहरे, गोकुल दास साहू और डिकेश्वरी साहू ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नवीनतम एआई टूल्स और उनके कार्यस्थलीय उपयोग से संबंधित जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने व्यावहारिक प्रदर्शन और अभ्यास के माध्यम से विभिन्न एआई टूल्स की कार्यप्रणाली को समझा तथा दैनिक कार्यों में इनके उपयोग की संभावनाओं से परिचित हुए। कार्यक्रम के समन्वयक के. शिवा ने उद्घाटन सत्र का संचालन किया, जबकि महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) सौरभ वार्ष्णेय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।