छत्तीसगढ़

एनआईटी रायपुर के सहयोग क्लब ने व्यावसायिक स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा पर कार्यशाला का समापन

रायपुर। शहरी स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले सफाईमित्र अपने दैनिक कार्यों के दौरान लगातार गंभीर भौतिक, रासायनिक और जैविक जोखिमों के बीच काम करते हैं। निरंतर झुककर काम करने, भारी कचरा उठाने और सुरक्षा उपकरणों के सीमित उपयोग से इनमें हड्डियों, जोड़ों व मांसपेशियों से जुड़ी समस्याएं, नेत्र विकार तथा संक्रमण आम बात हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के सहयोग क्लब एवं डिस्पेंसरी विभाग द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय कार्यशाला (“व्यावसायिक स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा प्रथाएँ: सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान”) का मुख्य उद्देश्य सफाईकर्मियों को संस्थागत स्वास्थ्य तंत्र, निवारक चिकित्सा और कार्यस्थल सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों से जोड़ना रहा।

इस पहल के तहत सफाईकर्मियों के समग्र स्वास्थ्य को केंद्र में रखते हुए बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाया गया। कार्यशाला में “काम भी, सेहत भी” थीम के जरिए कार्यस्थल पर सही शारीरिक मुद्रा, एर्गोनॉमिक्स और बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) जांच के माध्यम से मस्कुलोस्केलेटल विकारों की रोकथाम पर बल दिया गया। इसके साथ ही दैनिक आहार में कम लागत वाले पौष्टिक विकल्पों को शामिल करने, दंत स्वच्छता बनाए रखने, नियमित दृष्टि परीक्षण तथा आवश्यकतानुसार चश्मा वितरण जैसी बुनियादी निवारक सेवाओं को सीधे श्रमिकों तक पहुँचाया गया। कार्यस्थल के तनाव और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए मानसिक स्वास्थ्य व भावनात्मक संबल के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र भी इस कार्ययोजना का अहम हिस्सा बने।

संसाधनों के कुशल उपयोग और अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) एवं रायपुर नगर निगम के सहयोग से मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) के जरिए कार्यस्थल पर ही प्राथमिक जांच और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही जोन-7 नगर निगम कार्यालय में सफाईमित्रों को व्यक्तिगत सुरक्षा किट वितरित करने के अलावा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा लाभों और व्यावसायिक अधिकारों की प्रत्यक्ष जानकारी दी गई। यह आयोजन तकनीकी उच्च शिक्षण संस्थानों द्वारा संस्थागत सामाजिक उत्तरदायित्व (ISR) और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण को व्यवहार में उतारने का एक ठोस प्रयास दर्शाता है।