छत्तीसगढ़

बिलासपुर एयरपोर्ट के लिए सरकार का 300 करोड़ देने से इनकार, हाईकोर्ट नाराज; पूछा- पुराना वादा कैसे पलट सकते हैं?

रायपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और विकास को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के रुख पर कोर्ट ने नाराजगी जताई है। सरकार ने एयरपोर्ट के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये देने से इनकार करते हुए कहा कि इसके लिए राज्य के पास पर्याप्त बजट नहीं है। सरकार के इस नए रुख को हाईकोर्ट ने स्वीकार करने से इनकार कर दिया। चीफ जस्टिस ने सवाल उठाया कि सरकार अपने पुराने कमिटमेंट से पीछे कैसे हट सकती है?

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से दलील दी गई कि बिलासपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या कम है और फ्लाइट संचालन में घाटा हो रहा है। एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। सरकार का कहना है कि इतनी बड़ी राशि खर्च करने से पहले एयरलाइन कंपनियों की ओर से उड़ान संचालन को लेकर ठोस कमिटमेंट मिलना जरूरी है।

सरकार के इस रुख पर हाईकोर्ट ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं करना चाहती तो फिर इसे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को पूरी तरह क्यों नहीं सौंप दिया जाता? कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि सरकार के मौजूदा रुख से ऐसा प्रतीत होता है जैसे वह बिलासपुर एयरपोर्ट को बंद करना चाहती है। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने सरकार से पूछा कि जब पहले एयरपोर्ट के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई गई थी, तो अब उससे पीछे हटने का आधार क्या है? अदालत ने राज्य सरकार के नए वक्तव्य को स्वीकार नहीं किया और इस पूरे मामले में स्पष्ट जवाब मांगा।

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और AAI दोनों को अपना रुख स्पष्ट करते हुए लिखित जवाब पेश करने का निर्देश दिया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के जवाब के आधार पर एयरपोर्ट के भविष्य और विकास की दिशा को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। बिलासपुर एयरपोर्ट का विकास लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की मांग रहा है। 4C श्रेणी में उन्नयन होने से बड़े विमानों के संचालन और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में राज्य सरकार और AAI के जवाब पर अब सभी की निगाहें रहेंगी