छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश थमने के आसार... तापमान में होगी वृद्धि... उमस करेगा हलाकान

मानसूनी तंत्र के प्रभाव से बीते तीन दिनों से छत्‍तीसगढ़ में हो रही वर्षा बुधवार से थमने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के अधिकतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभावित है। इसके साथ ही वर्षा की गतिविधियां भी कम होंगी। हालांकि बादल छाए रहेंगे और कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार है। प्रदेश में जून माह में अब तक 122.2 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 24 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार जून में अब तक 160.9 मिमी वर्षा होनी चाहिए।

गिरा तापमान, पड़ी ठंडक
मंगलवार सुबह से ही रायपुर के साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रुक रुक कर वर्षा होती रही। बादल व बारिश के चलते अधिकतम तापमान में भी जबरदस्त गिरावट आ गई है और मौसम में ठंडक आ गई है। इस वर्ष मानसून विलंब से आने के कारण प्रदेश में औसत वर्षा 30 वर्षों में सबसे कम है। रायपुर का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

कहीं ज्यादा, तो कहीं सामान्य से कम
जून माह में अब तक रायपुर, बालोद, बलौदा बाजार, महासमुंद, राजनांदगांव और मुंगेली जिले में सामान्य से ज्यादा वर्षा हुई है, इसके अलावा अन्य जिलों में सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है। रायपुर जिले में अब 185.8 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत ज्यादा है। इसके साथ ही सबसे कम वर्षा सरगुजा में 49.8 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 74 प्रतिशत कम है।