लोकतंत्र की सफलता में मतदाताओं की भूमिका अहम - न्यायमूर्ति टीपी शर्मा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोकायुक्त न्यायमूर्ति टीपी शर्मा ने कहा है कि लोकतंत्र को निरंतर सुदृढ़ करने और लोकतंत्र की सफलता में मतदाताओं की सशक्त तथा अहम भूमिका है। 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि अपने मताधिकार का उपयोग करना मतदाताओं का अधिकारी भी है और कर्तव्य भी। इंदिरा गांधी कृषि महाविद्यालय रायपुर के विवेकानंद सभागार में आयोजित समारोह में कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पीएस ध्रुव, जिला निर्वाचन अधिकारी रायपुर गौरव कुमार सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
न्यायमूर्ति टीपी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ साथ शहरी क्षेत्रों में भी मतदान के प्रति जागरूकता बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरत इस बात की है कि हम मतदान के अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य के महत्व को स्वयं समझे और साथ ही अन्य लोगों को भी जागरूक करें।
राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता कर रहे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ी है जो आश्वस्त करता है कि देश में लोकतंत्र आने वाले दिनों में और सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में लगातार पारदर्शिता बढ़ती जा रही है जो यह भी आश्वस्त करती है आम मतदाताओं की भूमिका बढ़ रही है। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने सभी उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई।
न्यायमूर्ति शर्मा एवं कुलपति डॉ चंदेल ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर कृषि महाविद्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता पर आधारित एक दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में प्रदेशभर में आयोजित किए जाने वाले मतदाता जागरूकता अभियानों पर आधारित छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया है।