छत्तीसगढ़

बड़ा हादसा: बारिश के बीच दीवार ढही, दो सगी बहनों की मलबे में दबकर मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक हृदयविदारक घटना हुई। जिले के राउलपुर गांव में घर के पास बनी कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार12 वर्षीय वंशिका और 10 वर्षीय राधिका खाना खाने के बाद घर के बाहर हाथ धोने गई थीं। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुकी कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और दोनों बच्चियां उसके नीचे दब गईं। हादसे के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां अपने माता-पिता के साथ एक दिन पहले ही रायपुर से अपने गांव राउलपुर लौटी थीं। परिवार गांव आने की खुशियां मना ही रहा था कि कुछ ही घंटों में यह खुशी मातम में बदल गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में कच्चे मकान और मिट्टी की दीवारें कमजोर हो रही हैं। बेमेतरा की यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि बारिश के मौसम में जर्जर और कच्चे निर्माण लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।

घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान कच्ची और जर्जर दीवारों, पुराने मकानों तथा मिट्टी के ढांचों के आसपास अनावश्यक रूप से न रहें। यदि किसी मकान या दीवार में दरार दिखाई दे रही हो तो समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दें।