रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आपसी मनमुटाव को लेकर 14 साल के नाबालिग बच्चे के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद आरोपी फरार है। पीड़ित नाबालिग के परिजनों की शिकायत पर पुलिस जांच में जुट गई है। पूरा मामला पेण्ड्रा थानाक्षेत्र के दुबटिया तिराहे का है, जहां पर रहने वाले एक 14 साल के नाबालिग बच्चे को वही आसपास रहने वाले 3 लोग किसी पुरानी रंजिश को लेकर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया।
पीड़ित नाबालिग ने बताया कि, जब वो सोमवार की शाम दुबटिया के एक होटल में बैठा हुआ था। तभी पेण्ड्रा के दुर्गा मंदिर के सामने रहने वाला अंशु, छपरा टोला में रहने वाला जोलु भरिया, और लाला कश्यप जो दुबटिया में रहने वाले तीनो व्यक्ति उसके पास आए और पीड़ित नाबालिग को जबरदस्ती अपने साथ पास ही स्थित एक राइस मिल के अंदर ले गए और पकड़कर उसके ऊपर हावी होते हुए एक व्यक्ति ने उसके ऊपर पेट्रोल डाला और आग लगा दिया। जिसके बाद पीड़ित नाबालिग के ऊपर आग लगता देख तीनो आरोपी दहशत में आ गए और किसी तरह जल्दी-जल्दी आग बुझाने का प्रयास किया पर आग पर काबू पाते जब तक नाबालिग आग से काफी झुलस गया। उसके बाद पीड़ित का कपड़ा उतार दिए और वहां से चले गए जिसके बाद पीड़ित किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों ने पीड़ित नाबालिग को इलाज के लिए पेण्ड्रा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराए है।
एसडीओपी पेण्ड्रा श्याम कुमार सिदार का कहना है कि, नाबालिग को किसी ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है पीड़ित और परिजनों का बयान ले लिया गया है मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है आरोपियों की तलाश जारी है।