छत्तीसगढ़

महाराष्ट्र मंडळ में तीन दिवसीय ‘रंग संस्कार महोत्सव’ 17 मई से

रायपुर। रंगकर्मी स्व. अशोक चंद्राकर की स्मृति में संस्कार भारती छत्तीसगढ़ की ओर से तीन दिवसीय रंग संस्कार महोत्सवका आयोजन चौबे कालोनी स्थित महाराष्ट्र मंडळ में 17 मई से किया जा रहा है। कार्यक्रम 17 मई को शाम 6 बजे प्रारंभ होगा। तीन दिवसीय आयोजन में हिंदी, मराठी के साथ छत्तीसगढ़ी नाटकों का मंचन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक योगेश अग्रवाल  बताया कि 17 मई को शाम 6.30 बजे कार्यक्रम का उद्धाटन किया जाएगा। शाम 7.15 से 7.45 तक विश्व के प्राचीनतम नाट्यशाला सीताबोंगरा में स्थित एक शिलालेख और उस पहाड़ के देशकाल में उपजे कालिदास के मेघदूत पर आधारित आदिगाथा का मंचन महाराष्ट्र मंडळ के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में किया जाएगा।

उसके उपरांत महाराष्ट्र नाट्य मंडळ के वरिष्ठ रंगकर्मी प्रशन्न निमोणकर के निर्देशन में मराठी नाटक इंद्रधनु का मंचन होगा। इस नाट्य के माध्यम से रक्तदान, विसंवाद, कलावंत, हरवलेली, तो पोरगा, मुलाखत अंबूताई ची और पत्र लिहण्यास कारण की का हास्य मंचन किया जाएगा।

योगेश अग्रवाल ने आगे बताया कार्यशाला के दूसरे दिन शनिवार 18 मई को शाम 6.30 बजे  से अंशु प्रजापति द्वारा निर्देशित लेखक विष्णु प्रभार की नाटक बहादुर बेटी का मंचन होगा। इस नाटक में एक पिता और चाचा अपनी बेटी को देश सेवा के लिए प्रेरित करते नजर आएंगे।  इसके उपरांत लेखक प्रमोद यादव द्वारा लिखित अपने हिस्से का स्वर्ग व्यांगात्मक नाटक का मंचन किया जाएगा। जिसका निर्देशन आर्यन सारस्वत ने किया है। तीसरे नाटक के रूप में नरेंद्र जलशक्षत्रिय द्वारा लिखित कलंकार नाटक का मंचन होगा। जिसका निर्देशन अर्जन दास मानिकपुरी कर रहे है। यह लोक कलाकार के जीवन की आत्मकथा पर आधारित है।

कार्यक्रम के तीसरे और अंतिम दिन रविवार 19 मई को शाम 6.30 बजे भारतेंद्रु हरिशचंद्र द्वारा लिखित अंधेर नगर चौपट राजा का मंचन होगा। जिसका निर्देशन अर्पिता बेडेकर ने किया है। यह नाटक सर्वाधिक लोकप्रिय नाटक है। अंत में कन्नड़ लेखक सत्यनारायण राऊ द्वारा लिखित नाटक मैं अहिल्या बोल रही हूंका मंचन होगा। जिसका हिन्दी रूपांतरण विद्या राव ने किया है। इस नाटक का निर्देशन त्रिलोचन सोना ने किया है। यह आयोजन 31 मई 2024 से त्रिशताब्दी वर्षारंभ पर विशेष होगा।

योगेश अग्रवाल ने बताया कि तीनों दिवस सुबह 11 से शाम 5 बजे तक शिकारपुरी पंचायत भवन में कार्यशाला का आयोजन भी किया गया है। जिसमें मुख्य प्रशिक्षक के तौर पर मुंबई फिल्म अभिनेता, निर्देशक और अखिल भारतीय नाट्य विद्या संयोजक संस्कार भारती के प्रमोद पवार उपस्थित रहेंगे।