छत्तीसगढ़

गरियाबंद में सर्चिंग पर निकले CRPF जवान को गोली लगी, गले में फंसी…क्रॉस फायरिंग की आशंका

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले  से बड़ी खबर मिल रही है। दरअसल, छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर कांवर भौदी से लगे जंगल में मुखबिर की सूचना पर फोर्स सर्चिंग पर निकली थी। इस दौरान CRPF जवान को गोली लग गई है, जो गले में अब भी फंसी हुई है। बताया गया कि क्रॉस फायरिंग के दौरान जवान को गोली लगी है, लेकिन अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घायल जवान को CRPF की टीम गरियाबंद जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक इलाज के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। घायल जवान का नाम प्रकाश साई है। वह ओडिशा नुआपाड़ा जिले के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप में है। वहीं, नक्सलियों से मुठभेड़ की भी आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कोमना थाना क्षेत्र के सुनाबेड़ा अभयारण्य में शिवनारायणपुर में जवान घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि उस इलाके में अब भी सर्चिंग जारी है। रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है।

नक्सलियों की क्रॉस फायरिंग में जवान को गोली लगने की खबर है। हालांकि पुलिस ने क्रॉस फायरिंग से गोली लगने की पुष्टि नहीं की है। मेडिकल अफसर डॉक्टर हरीश चौहान ने बताया कि जवान के गर्दन में बुलेट फंसी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। जवान की हालत गंभीर है।