बीजापुर में तीन इनामी सहित 33 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
रायपुर।छत्तीसगढ़ के अति नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को 33 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया, इनमें से तीन नक्सलियों पर कुल पांच लाख रुपये का नकद इनाम है। सभी माओवादियों ने CRPF डीआईजी और बीजापुर SP के सामने सरेंडर किया है। बस्तर संभाग में इन दिनों फोर्स और नक्सलियों के बीच लगातार मुठभेड़ की खबर सामने आ रही है।
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि 33 नक्सलियों ने जिले के वरिष्ठ पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के अधिकारियों के समक्ष सरेंडर किया है। नक्सली आदिवासियों पर माओवादियों द्वारा किए गए अत्याचारों और खोखली माओवादी विचारधारा से निराश हैं। वे पुलिस द्वारा चलाए जा रहे पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर सरेंडर करने पहुंचे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले 33 नक्सलियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। समर्पित नक्सली गंगालूर इलाके की संगठनों में सक्रिय रहकर फोर्स और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना में शामिल रहे हैं।
संगठन में कार्यों की उपेक्षा करने, भेदभाव पूर्ण व्यवहार एवं माओवादियों के द्वारा आदिवासियों पर किये जा रहे अत्याचार से त्रस्त होकर एवं छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण नीतियों से प्रभावित होकर भारत के संविधान पर विश्वास रखते हुए उक्त नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने पर इन्हें उत्साहवर्धन हेतु शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत् 25000-25000 रूपये नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान किया गया।