आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, तीन मरे 27 घायल
रायपुर। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर तीर्थ यात्रियों से भरी बस पलटने से तीन यात्रियों की मौत हो गई जबकि 27 अन्य घायल हो गए। सभी तीर्थयात्री छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के निवासी बताए जा रहे है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि आगरा लखनऊ एक्सप्रेस पर एक बस शनिवार सुबह असंतुलित होकर पलट गई। बस में करीब 65 यात्री सवार थे जिनमें 30 यात्रियों को गंभीर चोटें आयी है। सूचना मिलते ही यूपीडा के कर्मचारी और थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरु किया।हादसे में गंभीर रुप से घायल एक महिला के अलावा सात साल के बालक और 15 वर्षीय बालिका ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
सभी हताहत छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के निवासी हैं जो वैष्णो देवी धाम और वृंदावन के दर्शन करने के बाद शुक्रवार रात करीब एक बजे प्रयागराज के लिए रवाना हुये थे। हादसे का कारण बस चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
हादसे में घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में भूषण कुमार साहू निवासी पतोरा, नूतन साहू निवासी अरकार जिला बालोद, भाग्य लक्ष्मी, नेमा निवासी आमालोरी जिला दुर्ग, कांति यादव, पुष्पेंद्र निवासी आमालोरी जिला दुर्ग, गीता ठाकुर निवासी आमालोरी, परसराम निवासी मर्रा थाना उतई जिला दुर्ग, आरती साहू निवासी रायपुर, कारती ठाकुर निवासी आमालोरी, पुलेस्वर प्रसाद साहू निवासी रायपुर, प्रतिभा निवासी बतौरा जिला दुर्ग, तामेस्वरी निवासी आमालोरी, विमला बाई निवासी आमालोरी, पूर्णिमा निवासी आमालोरी, चेतन लाल मटियारा, लक्ष्मी मटियारा निवासी आमालोरी, लक्ष्मी साहू निवासी पतोरा, कामती निवासी गुण्डरदेही, जिवराखन पटेल निवासी आमालोरी, ललिता निवासी ऊतई, पिंगला निवासी दुर्ग, रूपा साहू निवासी निवासी दुर्ग, धिरोपति निवासी मर्रा थाना उतई शामिल हैं।
बस में सवार थे छत्तीसगढ़ के 65 श्रद्धालु
सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया X पर हादसे की जानकारी देते हुए लिखा- ‘छत्तीसगढ़ से वैष्णो देवी धार्मिक यात्रा पर गए श्रद्धालुओं से भरी बस के उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पलटने की दुःखद खबर आ रही है। बस में सवार 65 श्रद्धालु में से 4 के निधन और 40 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों के जिला संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद और फिरोजाबाद मेडिकल कालेज में इलाज की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन से बात कर डॉक्टरों को उचित देखभाल के निर्देश दिए गए हैं। उच्चाधिकारियों को इस बाबत आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।’