नक्सलियों ने IED ब्लास्ट से उड़ाया जवानों का ट्रक, 2 जवान शहीद, कई घायल
सुकमा। रविवार दोपहर सुकमा और बीजापुर बॉर्डर पर नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सिलगेर और टेकलगुडम के बीच नक्सलियों ने पुलिस फोर्स के ट्रक को IED ब्लास्ट कर उड़ा दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए हैं। जबकि कुछ जवान जख्मी हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना आरओपी के दौरान हुई।
पुलिस के मिल रही जानकारी के मुताबिक थाना जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत कैम्प सिलगेर से 201 कोबरा वाहिनी के एडवांस पार्टी का मुव्हमेंट आरओपी ड्यूटी के दौरान ट्रक एवं मोटर साइकिल से कैम्प टेकलगुडे़म की ओर था। इस दौरान कैम्प सिलगेर से टेकलगुड़ेम जाने के रास्ते में नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से आईईडी प्लांट किया गया था। मूवमेंट के दौरान आज दोपहर 3 बजे के दौरान आईईडी की चपेट से 201 कोबरा वाहिनी के एक ट्रक आ गया। हादसे में ट्रक चालक एवं सहचालक जवान मौके पर शहीद हो गए एवं बाकी सभी जवान सुरक्षित बताये जा रहे हैं। कुछ जवानों को चोट आई है।