छत्तीसगढ़

CG CRIME NEWS : छत्तीसगढ़ में पुलिस अधिकारी की हत्या..! शरीर और गले पर चोट के निशान... तफ्तीश में जुटी पुलिस

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक एएसआई की उसके बैरक में हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला ​कोरबा के बांगो थाना क्षेत्र का है। एएसआई नरेन्द्र सिंह परिहार की लाश उनके बैरक में खून से सनी मिली है। शरीर और गले के चोट के निशान को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला हत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इस मामले में तफ्तीश शुरु कर दी है। 

इस मामले को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक एएसआई परिहार बांगो थाना में पदस्थ थे। उनका बैरक भी थाना के पास ही था। बीती रात एएसआई परिहार अपने बैरक में थे। सूचना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो, देखा गया कि उनके बैरक का दरवाजा टूटा हुआ है और उनकी लाश पड़ी हुई है। शरीर के साथ ही गले पर चोट के निशान स्पष्ट परिलक्षित हो रहे हैं, जिसकी वजह से प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि एएसआई परिहार की किसी अज्ञात शख्स ने हत्या की है। 
 

इस मामले की जानकारी के बाद थाना प्रभारी नवीन कुमार देवांगन ने इस घटना की सूचना तत्काल अपने उच्चाधिकारियों को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। फॉरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कोई भी बयान जारी नहीं किया है। एएसआई परिहार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल की जा रही है।