छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Weather: बढ़ा छत्तीसगढ़ का पारा, इन शहरों में तापमान 35 के पार

रायपुर। होली के बाद कई राज्यों के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग की तरफ से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों का तापमान सामान्य से अधिक है। सबसे ज्यादा तापमान महासमुंद में 37.2 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं आधे से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर है। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री दर्ज किया गया। 
 
 
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं बिलासपुर में 35.3, रायगढ़ में 36.6,  दुर्ग में 35.2, राजनांदगांव में 36, दंतेवाड़ा में 35.8 और बीजापुर में 35.5 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं जशपुर में 14.4, कोरबा में 19, कोरिया में 17.1, सरगुजा में 15.4, रायगढ़ में 20.3, महासमुंद में 19.3 दुर्ग में 17.4, राजनांदगांव में 19.4, बीजापुर में 16.9 और दंतेवाड़ा में 16.7 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। 
 
 
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि वातावरण के निम्न स्तर पर दक्षिण से नमी युक्त हवा आ रही है तथा मध्य स्तर पर पश्चिम से नमी युक्त हवा आ रही है। इसके कारण प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।  प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि का क्रम लगातार बने रहने की संभावना है किंतु विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।