छत्तीसगढ़

जहरीली गैस से पांच की मौत.... कुएं में उतरे युवक को बचाने बारी-बारी उतरे थे 4 लोग

रायपुर।  छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना अंतर्गत ग्राम किकिरदा में जहरीली गैस की वजह से पांच लोगों की जान चली गई। घटना से हड़कंप मच गया है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। 

बता दें कि सुबह किकिरदा निवासी रामचरण जायसवाल ने कुएं में गिरी लकड़ी को निकालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि लंबे समय से कुएं का उपयोग नहीं हो रहा था और उसे ढंक दिया गया था। जब रामचरण लकड़ी निकालने के लिए कुएं में उतरे तो जहरीली गैस के चलते उनका दम घुट गया और उनकी मौत हो गई।

रामचरण को बचाने के प्रयास में पड़ोसी रमेश पटेल भी कुएं में उतरे, लेकिन वह भी जहरीली गैस का शिकार हो गया। जब रमेश पटेल का दम घुटने लगा तो उनके बेटे राजेंद्र और जितेंद्र पटेल उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतरे। दुर्भाग्यवश, दोनों बेटों का भी दम घुट गया और वे भी डूब गए।

इसके बाद एक अन्य पड़ोसी टिकेश चंद्रा ने अपने दोस्तों को बचाने का प्रयास किया और कुएं में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस से प्रभावित हुए और उनकी भी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में हाहाकार मच गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने तुरंत एसडीआरएफ की टीम को बुलाया ताकि शवों को बाहर निकाला जा सके. इस हादसे में तीन परिवारों के पांच लोगों की मृत्यु हुई है, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।