कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले बांगो थाना में पदस्थ ASI नरेन्द्र सिंह परिहार पर धारदार हथियार से वार किया गया है। हाथ और गले में किए गए वार की वजह से ASI परिहार अपनी जान बचाने के लिए जद्दोजहद भी नहीं कर पाए। जबकि उनका बैरक थाना से महज 10 कदम की दूरी पर था। चौंकाने वाली बात यह है कि चंद कदमों की दूरी में बैरक होने के बाद भी थाना में तैनात लोगों को इसकी भनक तक नहीं पड़ी और हत्यारे अपना काम कर निकल भी गए।
ASI परिहार हत्याकांड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के मुताबिक शुरुआती जांच में हत्या का मामला लग रहा है। उनकी माने तो हमलावरों ने पहले कमरे का दरवाजा तोड़ा उसके बाद अंदर घुसकर उनकी हत्या कर भाग निकले। शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिसकी जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉयड को भी मौके पर बुलाया गया।
दुश्मनी या फिर कुछ और
ASI परिहार हत्याकांड फिलहाल एक अनसुलझी पहेली है। इस हत्याकांड के पीछे कोई दुश्मनी है, या फिर ASI परिहार ने कुछ रोक—टोक की थी, यह उसका परिणाम है, कहा नहीं जा सकता। मामले को लेकर संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, पर पुलिस के हाथ अभी भी खाली है।
नाइट शिफ्ट के बाद पहुंचे थे बैरक
सामने आ रही जानकारी के मुताबिक ASI परिहार नाइट शिफ्ट करने के बाद अपने बैरक पहुंचे थे। बैरक नया बनाया गया है। हत्यारों ने बैरक का दरवाजा धारदार हथियार से तोड़ा है, जिसके बाद वे भीतर दाखिल हुए हैं। लिहाजा कई तरह के सवाल खड़े हो रहे है, जिसके जवाब की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।