छत्तीसगढ़

अजय सिंह को भाजपा ने पार्टी की सदस्यता से किया निष्कासित

रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी ने बीजापुर के बीजेपी नेता अजय सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन पर एक आदिवासी युवक से मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है। संगठन ने इसे अनुशासनहीनता करार देते हुए पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव के निर्देश पर महामंत्री जगदीश रामू रोहरा के हस्ताक्षर से यह आदेश जारी किया गया है। सर्व आदिवासी समाज ने धरना-प्रदर्शन कर अजय सिंह की गिरफ्तारी की मांग की थी। कुछ दिनों पहले अजय सिंह और बीजापुर कलेक्टर अनुराग पांडेय के बीच विवाद का ऑडियो भी वायरल हुआ था।

आदिवासी युवक से मारपीट मामले में सर्व आदिवासी समाज ने धरना-प्रदर्शन व रैली कर अजय सिंह की गिरफ्तारी की मांग की थी। रविवार को भैरमगढ़ के भाजपा नेता अजय सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया था। कुछ दिन पूर्व में भाजपा नेता के ऊपर आदिवासी समाज के लोगों ने एक आदिवासी युवक के साथ गालीगलौज करने का आरोप लगाया था और अजय सिंह के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी। उसके बाद सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने हजारों की संख्या में बीजापुर में कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा था। इस पूरे मामले में भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने प्रदेश संगठन से अजय सिंह के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की थी।

कुछ दिन पहले ही बीजापुर कलेक्टर अनुराग पांडेय और भैरमगढ़ के भाजपा नेता अजय सिंह के बीच मोबाइल पर काफ़ी तीखी बहस हुई थी। दोनों के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो जमकर वायरल हुआ था, जिसमें दोनों एक दूसरे को अपनी औकात बता रहे थे। इसके बाद इस ऑडियो को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने फेसबुक पर पोस्ट किया था। इसके कुछ दिनों बाद बीजापुर कलेक्टर अनुराग पांडेय का तबादला कर मंत्रालय में अटैच किया गया था।