छत्तीसगढ़

रायपुर, बिलासपुर औऱ दुर्ग बना भारी बारिश का केंद्र.... नदी किनारे गांवों में कराई गई मुनादी

रायपुर। भारी बारिश का क्षेत्र मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ़ बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिले रहने की संभावना है। दुर्ग जिले के मोगरा जलाशय से छोड़ा जा रहा 1 लाख 80 हजार क्यूसेक पानी। फिलहाल महमरा एनीकट से 5 फीट ऊपर पानी बह रहा है। शाम तक हालत बिगाड़ सकते हैं। शिवनाथ नदी तट से लगे 32 गांव में मुनादी करा कर अलर्ट जारी कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। रायपुर, दुर्ग सहित कई जिलों में बारिश जारी है। राजधानी के कई इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी तीन संभाग दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक गहरा अवदाब उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है । इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटे में उत्तर उड़ीसा तथा उत्तर छत्तीसगढ़ में पहुंचने संभावना है।मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, सीकर, खजुराहो, बिलासपुर, पूरी, गहरा अवदाब के केंद्र और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।

प्रदेश में 10 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात हो सकता है तथा कुछ स्थान पर भारी वर्षा और एक दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की संभावना है । भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ़ (बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिले) रहने की संभावना है।